लापता मासूम मिला, परिजनों ने ली राहत की सांस

लापता मासूम मिला, परिजनों ने ली राहत की सांस

कोलेबिरा. प्रखंड के सेमरटोली गांव में उस समय हड़कंप मच गयी, जब दो वर्षीय मासूम दिव्यांश सिंह सोमवार की शाम अचानक लापता हो गया. सेमरटोली निवासी प्रताप सिंह का पुत्र दिव्यांश शाम करीब 5.30 बजे घर के आसपास खेलते-खेलते कहीं चला गया और फिर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की. लेकिन जब देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला, तो ग्रामीणों की मदद से खोज अभियान तेज किया गया. घटना की सूचना कोलेबिरा थाना को दी गयी. इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और रातभर संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया गया. इसके बावजूद अंधेरा और जंगल-पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया. मंगलवार की सुबह घटना में उस समय राहत मिली जब गांव के कुछ लोग बोकवा पहाड़ के पास महुआ चुनने गये. इस दौरान एक झाड़ी के पास उन्हें दिव्यांश दिखायी दिया. मासूम पूरी तरह सुरक्षित था. हालांकि रातभर खुले में रहने के कारण वह थोड़ा सहमा हुआ नजर आ रहा था. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को अपने साथ घर ले आये. इसके बाद मामले की जानकारी पंचायत के मुखिया व थाना प्रभारी को दी गयी. पुलिस और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और बच्चे की स्थिति का जायजा लिया. एहतियात के तौर पर दिव्यांश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया. मासूम के सकुशल मिलने से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >