मुख्यमंत्री से मिल जिले के विकास पर की चर्चा

मुख्यमंत्री से मिल जिले के विकास पर की चर्चा

सिमडेगा. सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की और सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की. उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पलायन, कृषि, सड़क जैसी प्रमुख समस्याओं पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया और समाधान की मांग की. विधायक ने जिले के सदर अस्पताल और ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की खराब स्थिति पर चिंता जतायी और डॉक्टरों की भारी कमी को दूर करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और सभी बीमारियों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. शिक्षा क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता बताते हुए विधायक ने सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम, शिक्षकों की नियमित बहाली और उच्च शिक्षा के लिए तकनीकी एवं व्यावसायिक कॉलेजों की स्थापना पर बल दिया. उन्होंने समसेरा डकैती और तीन धर्मगुरुओं पर हुए हमले का हवाला देते हुए धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे और पुलिस चौकी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की सिफारिश की. रोजगार के अभाव में युवाओं के पलायन पर चिंता जताते हुए विधायक ने स्थानीय स्तर पर लघु उद्योग, कृषि आधारित योजनाओं, वनोत्पाद आधारित उद्योग और फसलों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की मांग रखी. साथ ही ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति की ओर भी मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा. विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे स्वयं सिमडेगा का दौरा करें और जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ मिलकर विकास योजनाओं की समीक्षा करें. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुना और सभी सुझावों पर विभागीय समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती और आदिवासी बहुल जिलों को सरकार विशेष प्राथमिकता दे रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >