कोलेबिरा. प्रखंड कार्यालय के सभागार में बीडीओ वीरेंद्र किंडो की अध्यक्षता पर गणतंत्र दिवस को लेकर बैठक हुई. बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार विभिन्न विभागों के लिए झंडोतोलन का समय तय किया गया. 25 जनवरी को सुबह आठ बजे से प्रभातफेरी निकालने का निर्णय लिया गया. प्रभातफेरी स्टेडियम से शुरू होगी. इसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, प्लस टू उवि, बुनियादी विद्यालय, कोलेबिरा कन्या उवि, उर्दू मवि, सेंट जॉन इंग्लिश मीडियम स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, आरएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे. प्रभातफेरी स्टेडियम से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होते हुए थाना मोड़ तक जायेगी. कोलेबिरा स्टेडियम परिसर में सामूहिक झंडोत्तोलन सुबह 10.45 होगा. मौके पर सुशील कुमार बागे महाविद्यालय, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, डॉन बॉस्को विद्यालय जामटोली, प्लस टू उवि, लिटिल एंजेल अंग्रेजी मीडियम स्कूल, राजकीय बुनियादी विद्यालय, बालिका उवि, उर्दू मवि, सरस्वती शिशु मंदिर आदि की टीम मार्च पास्ट में शामिल होंगे. इस दौरान स्टेडियम परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. सांस्कृतिक कार्यक्रम व मार्च पास्ट में शामिल टीमों को प्रखंड प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा. बैठक में जिप अध्यक्ष रोज प्रतिमा सोरेन, प्रमुख दुतमी हेमरोम, उप प्रमुख सुनीता देवी, अंचलाधिकारी अनूप कच्छप, चिकित्सा प्रभारी डॉ मोहित, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी हृदय नाथ पांडे, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कोलेबिरा, लालधन नायक, विनोद कुमार, अभिषेक कुमार, विनोद नायक उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।