बिशुनपुर. बिशुनपुर के ऊपरपाठ क्षेत्र में एक बार फिर अवैध बॉक्साइट उत्खनन का मामला सामने आया है. मंगलवार की रात गुमला और लोहरदगा प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन ट्रक मौजूद थे, लेकिन अंधेरे का फायदा उठा कर दो ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गये, जबकि एक ट्रक को प्रशासन ने जब्त कर लिया. जब्त ट्रक को नेतरहाट फॉरेस्ट रेंज कार्यालय में रखा गया है. सूत्रों के अनुसार ऊपरपाठ क्षेत्र में कथित रूप से हनीफ मियां नामक बॉक्साइट माफिया लंबे समय से अवैध उत्खनन करा रहा था. अवैध रूप से निकाले गए बॉक्साइट को छत्तीसगढ़ के चालान के सहारे कुर्मगढ़ मार्ग के रास्ते बाहर भेजे जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी. इस आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. छापेमारी की खबर फैलते अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में समय-समय पर अवैध बॉक्साइट खनन बढ़ जाता है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होता है. साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत खराब हो रही है और पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है. नेतरहाट रेंज के फॉरेस्टर विजय कुमार ने बताया कि जब्त ट्रक के कागजातों की जांच की जा रही है.
ऊपरपाठ में अवैध बॉक्साइट उत्खनन पर छापेमारी, एक ट्रक जब्त
ऊपरपाठ में अवैध बॉक्साइट उत्खनन पर छापेमारी, एक ट्रक जब्त
