सिमडेगा. कुरडेग में एकीकृत जेंडर रिसोर्स सेंटर सह वॉव हब की शुरुआत हुई. इसका उदघाटन मुख्य अतिथि जिप उपाध्यक्ष, प्रमुख, सांसद प्रतिनिधि, बीडीओ, थाना प्रभारी, बीपीएम, जेएसएलपीएस, कुरडेग व खिंडा के मॉडल संकुल संगठन अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया. यह पहल जिले में महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा व आजीविका से जुड़े प्रयासों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसे झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी ने शुरू किया है. अधिकारियों के अनुसार यह मॉडल पारंपरिक महिला सहायता या आजीविका केंद्रों से अलग है. क्योंकि इसमें लैंगिक न्याय, लैंगिक आधारित अपराध से जुड़े मामलों में सहायता, महिलाओं के बीच जागरूकता बढ़ाना तथा कौशल और रोजगार को एक ही मंच पर एकीकृत किया गया है. मॉडल के तहत जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं को हक वाली योजनाओं से जोड़ना, अधिकारों और पात्रता की जानकारी, परामर्श सेवाएं तथा अल्पकालीन ठहराव की सुविधा उपलब्ध कराती है. साथ ही इस केंद्र के माध्यम से रेफरल सहायता प्रदान की जाती है. वन स्टॉप सेंटर, यह सीडब्ल्यूसी और कानूनी सेवा प्राधिकरणों के साथ समन्वय समन्वय स्थापित करेगी. वहीं वॉव हब के माध्यम से महिलाओं को करियर काउंसलिंग, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ना, उद्यमिता मार्गदर्शन, ऋण सुविधा तथा मेंटरशिप उपलब्ध करायी जायेगी. अधिकारियों ने बताया कि एकीकृत व्यवस्था का उद्देश्य सामाजिक या हिंसा से प्रभावित महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. मुख्य अतिथि जिप उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा ने समाज में व्याप्त डायन प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया और पलायन से बचने की बात कही. उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में नशा करने वाले युवाओं पर कार्रवाई का अनुरोध किया. बीडीओ ने कहा कि यह पहल महिलाओं के लिए एक सुरक्षित व सशक्तीकरण का मंच है. थाना प्रभारी ने कहा कि असली सुरक्षा व्यक्तिगत सजगता व नियमों के सम्मान में निहित है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।