नम आंखों से दी गयी अंतिम विदाई

नानेसेरा तुरतुरी पानी गांव पहुंचा शहीद किशोर बाड़ा का पार्थिव शरीर

सिमडेगा. कश्मीर के लेह में आर्मी 699 टाट्रा बटालियन में हवलदार के पद पर पदस्थापित सिमडेगा का लाल किशोर बाड़ा का पार्थिव शरीर रविवार को तिरंगे में लिपटा पैतृक गांव नानेसेरा तुरतुरी पानी पहुंचा. शव पहुंचते पत्नी, तीन बेटियां समेत पूरे परिजन चीत्कार मार कर रोने लगे. साथ ही पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. हर किसी की आंखें नम थीं. विधायक भूषण बाड़ा, उपायुक्त अजय कुमार सिंह, एसपी सौरभ कुमार, जिप सदस्य जोसिमा खाखा, रांची मिलिट्री स्टेशन के जवान समेत कई लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी. विधायक ने शहीद के शव को कंधा भी दिया व मिट्टी देकर अंतिम विदाई दी.

शहीद के परिजनों को करेंगे हरसंभव मदद : विधायक

विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि शहीद किशोर बाड़ा की शहादत बेकार नहीं जायेगी. वे शहीद जवान के परिजनों के साथ है. शहीद के परिजनों को शहर में जमीन दिलायी जायेगी. साथ ही उनके परिजनों को अनुकंपा पर नौकरी दिलाने के साथ अन्य सभी लाभ दिलाने में सहयोग किया जायेगा. विधायक ने शहीद जवान की विधवा पत्नी व तीनों बेटियों को ढांढस बंधाया. जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी. मौके पर बीडीओ समीर रौनियार खलखो, थाना प्रभारी अजीत लकड़ा, पंसस प्रतिमा कुजूर, पंचायत अध्यक्ष निलेश एक्का आदि उपस्थित थे.

जिला प्रशासन शहीद के परिजनों के साथ : उपायुक्त

उपायुक्त अजय कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन शहीद किशोर बाड़ा के परिजनों के साथ खड़ा है. प्रशासन की तरफ से परिजनों को हरसंभव मदद की जायेगी.

शहादत याद रखी जायेगी : एसपी

एसपी सौरभ कुमार ने कहा कि शहीद किशोर की शहादत हमेशा याद रखी जायेगी. उनकी शहादत बेकार नहीं जायेगी. पुलिस प्रशासन शहीद के परिजनों के साथ खड़ा है.

घर का इकलौता बेटा था किशोर बाड़ा

शहीद किशोर बाड़ा घर के इकलौता बेटा था. उनके कंधों पर पूरे परिवार का लालन पालन की जिम्मेवारी थी. उनकी पत्नी शाशिता बाड़ा रांची में नर्स का कार्य करती है. शहीद की तीन बेटियां हैं. सभी पढ़ाई करती है. शहीद किशोर भी पांच भाई बहनों में इकलौते भाई थे. बचपन में ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया था. बहनों ने माता-पिता बन कर कठिनाइयों से उनको पढ़ा लिखा कर आर्मी की नौकरी तक पहुंचाने में मेहनत की थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >