सिमडेगाः केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा झारखंड सरकार को लेकर की गई टिप्पणी पर झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना और जिला सचिव शफीक खान ने प्रेस वार्ता कर प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने भाजपा नेताओं से राजनीतिक बयानबाजी से पहले पूरे मामले के तथ्यों को समझने की अपील की.
न्यायालय में विचाराधीन मामले पर निष्कर्ष उचित नहीं
झामुमो जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना ने कहा कि जिस मामले को लेकर भाजपा लगातार राज्य सरकार पर आरोप लगा रही है, वह मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है. ऐसे में न्यायालय की प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि न्यायालय में लंबित किसी मामले पर राजनीतिक मंच से पहले ही निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा के बानो में मनाया गया शहीद मुनेश्वर सिंह का शहादत दिवस
छात्रों के आंदोलन पर भी दी प्रतिक्रिया
छात्रों के आंदोलन और लाठीचार्ज की घटना पर उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा एकतरफा बयान देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलन में सरकार छात्रों की मांगों को सुनने और संवाद के लिए तैयार है. वहीं प्रशासन की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी है. यदि किसी परिस्थिति में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी, तो पूरी परिस्थिति और तथ्यों को सामने रखा जाना चाहिए.
युवाओं के मुद्दे पर सकारात्मक भूमिका निभाए भाजपा
जिला सचिव शफीक खान ने कहा कि भाजपा को छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं और छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहती है. सरकार न्यायपालिका का सम्मान करती है और उच्च न्यायालय के निर्णय का पालन करेगी. मौके पर केंद्रीय सदस्य नोवास केरकेट्टा, जिला उपाध्यक्ष रितेश बड़ाइक समेत अन्य उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- 8 साल से तैयार आईटीआई भवन में अब तक शुरू नहीं हुई पढ़ाई
