वरीय संवाददाता
सिमडेगा. जिले में पर्यटन विकास को गति देने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है. लातेहार टूरिज्म के सहयोग से कोलकाता के कंटेंट क्रिएटर्स अभिब्रत भक्त एवं आहाना डे भक्त ने सिमडेगा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर विस्तृत वीडियो व्लॉग तैयार किया है. इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक, धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहरों को व्यापक पहचान दिलाना है. प्रमुख स्थलों का किया भ्रमणकंटेंट क्रिएटर्स ने अपने दौरे में सातवीं शताब्दी के सूर्य मंदिर, सिमडेगा, भैरव बाबा पहाड़ी, रामरेखा धाम, दनगदी जलप्रपात, बसतपुर तथा केलाघाघ जलप्रपात सहित अन्य स्थलों को कवर किया. इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और शांत वातावरण को डिजिटल माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है. दोनों क्रिएटर्स ने पहुंच मार्ग, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला. तैयार व्लॉग यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जायेंगे. ताकि देश-विदेश के पर्यटक सिमडेगा की ओर आकर्षित हों.
प्रशासन की पहल तेज
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. जिला के प्रमुख स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क, ठहराव, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रामरेखा धाम, केलाघाघ और दनगदी जैसे स्थल प्राकृतिक सौंदर्य व आध्यात्मिक शांति का अनूठा संगम हैं. स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावालातेहार टूरिज्म के गोविंद पाठक ने बताया कि संयुक्त प्रयासों से क्षेत्रीय पर्यटन को नई दिशा मिलेगी. डिजिटल प्रचार-प्रसार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और होटल, गाइड, परिवहन जैसे क्षेत्रों को भी लाभ होगा. लातेहार टूरिज्म और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सिमडेगा पर्यटन अब नई पहचान की ओर अग्रसर है. उम्मीद है कि आने वाले समय में यह जिला झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करायेगा.
