बालश्रम की शिकायत मिली, तो की जायेगी सख्त कार्रवाई

बालश्रम पर रोक लगाने के लिए चला विशेष निरीक्षण अभियान

सिमडेगा. जिले में बाल व किशोर श्रम पर रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को सिमडेगा शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. अभियान झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार,श्रम अधीक्षक कार्यालय और बाल कल्याण समिति की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया. निरीक्षण के दौरान टीम ने शहर के कई दुकानों, होटलों समेत अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर बालश्रम की स्थिति का जायजा लिया. साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को बालश्रम निषेध से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए उन्हें इसके प्रति जागरूक किया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी प्रकार का कार्य कराना कानूनन अपराध है और ऐसा पाये जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. अभियान के दौरान टीम को किसी भी प्रतिष्ठान में बाल श्रम करते हुए बच्चे नहीं मिले, जिसे अधिकारियों ने संतोषजनक स्थिति बताया. हालांकि टीम ने संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि बाल श्रम की शिकायत मिलती है, तो सख्त कार्रवाई की जायेगी. जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि बच्चों का स्थान विद्यालय में है न कि कार्यस्थल पर. बाल श्रम समाज के विकास में बाधा है, इसलिए इसे समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित भविष्य और शिक्षा से जोड़ा जा सके. चीफ एलएडीसीएस सुकोमल के नेतृत्व में चले निरीक्षण अभियान में श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति के अधिकारी तथा पारा लीगल वोलेंटियर समेत अन्य शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >