वरीय संवाददाता
सिमडेगा: हिलव्यू पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए अंतर-कक्षा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, आत्मविश्वास, प्रभावी वक्तृत्व कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना था.
प्रतियोगिता में दो समसामयिक विषयों विद्यालय में विद्यार्थियों को मोबाइल फोन लाने की अनुमति दी जानी चाहिए या नहीं तथा क्या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए आई) शिक्षकों का स्थान ले सकती है पर विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखे. प्रतिभागियों ने तर्कपूर्ण एवं प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों और उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और सीखने की उत्सुकता देखने को मिली. प्रतियोगिता के सफल संचालन में वरिष्ठ शिक्षक विनोद पाठक, अंजलि शांडिल्य, कुमार एवं अमित प्रधान ने शिक्षक प्रभारी के रूप में अहम भूमिका निभाई. वहीं, प्रतियोगिता का मूल्यांकन सौरव रोशन एवं रश्मि कुमारी ने किया. मंच संचालन कुमार हनी ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अमित प्रधान ने किया.
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, उप-प्रधानाचार्य एवं सचिव भी उपस्थित रहीं. कार्यक्रम की फोटोग्राफी एवं मीडिया कवरेज की जिम्मेदारी अंकित ने निभाई. विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और निर्णायकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की कला विकसित करती हैं. साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया.
