सिमडेगा. बंगाल की खाड़ी से चलने वाली पूर्वी हवाओं व दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने चक्रवाती तूफान का शुक्रवार को जिले में काफी असर देखा गया. शुक्रवार को तीन बजे से तेज हवा व गरज के साथ बारिश हुई. बारिश शाम तक जारी रही. ठेठईटांगर प्रखंड के अलावा अन्य क्षेत्रों में बारिश के दौरान ओले भी गिरे. बारिश व दिनभर बादल छाये रहने से जिले के तापमान में अधिकतम 28 डिग्री व न्यूनतम 18 डिग्री गिरावट दर्ज की गयी है. इससे लोगों को गर्मी में ठंड का अहसास होने लगा. बारिश होने से मुख्य सड़क व गली मोहल्ले की सड़कों पर जलजमाव हो गया. आंधी व पानी से बिजली व्यवस्था चरमरा गयी है. अपराह्न तीन बजे से जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले की विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी. हवा व बारिश से शहरी क्षेत्र के अलावा कुरडेग, जोराम, बोलबा, रेंगारी, कोचेडेगा फीडर में 11 हजार लाइन में कई जगह पर फॉल्ट आ गयी है. कई फीडर में भी पेड़ों की डाली टूट कर तार में फंस गये. देर शाम बिजली विभाग द्वारा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गयी. कोलेबिरा. कोलेबिरा में हुई मूसलाधार वर्षा से लोगों को गर्मी से राहत मिली. प्रखंड में शुक्रवार शाम चार बजे से मूसलाधार बारिश हुई. बारिश से जहां किसान सब्जियों के लिए राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम की फसलों को नुकसान पहुंचा है. पेड़ से जो आम नहीं झड़े, उसमें अच्छी फसल होने का अनुमान लगाया गया. जलडेगा. प्रखंड में शुक्रवार को तीन बजे से अचानक बेमौसम बारिश शुरू हो गयी. इससे महुआ, आम, चिंरजीवी आदि फसलों को नुकसान पहुंचा है. तेज हवा चलने से आम, चिंरजीवी के छोटे-छोटे फल झड़ गये. वहीं महुआ की फसल पर भी तेज बारिश व वज्रपात का बुरा प्रभाव पड़ा है. किसानों को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ेगा. किसानों ने कहा कि बेमौसम बारिश, तेज हवा व वज्रपात ने फसलों को काफी क्षति हुई है. ठेठईटांगर. केरया पंचायत में बारिश व ओला गिरने से महुआ, फल, साग-सब्जी को नुकसान पहुंचा है. कई लोगों के घर में लगे एस्बेस्टस क्षतिग्रस्त हो गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
