बानो. थाना क्षेत्र के हथनंदा गांव में सोमवार की देर शाम पांच वर्षीय बच्ची को सांप ने डस लिया, जिससे वह गंभीर हो गयी. जानकारी के मुताबिक हथनंदा निवासी जोविका डांग की पांच वर्षीय बेटी आदित्य सुप्रिया डांग सोमवार देर शाम सड़क पर चल रही थी. इस दौरान अचानक सांप ने डस लिया. घटना के बाद परिजन बच्ची को बानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गये, जहां डॉ मनोरंजन कुमार ने बच्ची का इलाज शुरू किया. डॉ मनोरंजन कुमार ने बताया कि बच्ची को एंटीवेनम इंजेक्शन दिया गया है और फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है. डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज चल रहा है.
बानो में नये थाना प्रभारी ने संभाला पदभार
बानो. बानो थाना में मंगलवार को नये थाना प्रभारी के रूप में श्याम नंदन सिंह ने पदभार ग्रहण किया. मौके पर निवर्तमान थाना प्रभारी मानव मयंक ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा. नये थाना प्रभारी श्याम नंदन सिंह इससे पूर्व सिमडेगा जिले में पीसीआर प्रभारी के रूप में कार्यरत थे. उनके स्थान पर मानव मयंक को अब नया पीसीआर प्रभारी बनाया गया है. मौके पर नये थाना प्रभारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखना, अपराध नियंत्रण और आमलोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होगा. उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।