गांधी मैदान में लगेंगी पटाखों की दुकानें

दीपावली, काली पूजा, चित्रगुप्त पूजा व छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक

सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह व एसपी एम अर्शी की संयुक्त अध्यक्षता में दीपावली, काली पूजा, चित्रगुप्त पूजा, गोवर्धन पूजा व छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक की हुई. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि दीपावली व छठ पर्व के अवसर पर लाइसेंसी पटाखे दुकानदार ही सभी प्रकार के पटाखों का भंडारण एवं बिक्री गांधी मैदान के बगल में सिमडेगा क्लब के पास कर सकेंगे. नप प्रशासक पटाखा दुकानदारों को गांधी मैदान में सुरक्षित दूरी पर दुकान लगाने के लिए अस्थायी रूप से भूमि आवंटित करेंगे तथा इसके लिए अनुज्ञप्तिधारी दुकानदारों को प्राथमिकता दी जायेगी. महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों समेत अन्य वेंडरों द्वारा मिट्टी के दीये की बिक्री गांधी मैदान में कराना सुनिश्चित की जायेगी. नप प्रशासक इन समूहों के बिक्री की जगह सुनिश्चित करेंगे. उपायुक्त ने कहा कि आतिशबाजी का समय रात आठ बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है. छठ में सुबह छह बजे से सुबह आठ बजे तक ही पटाखे चलाये जा सकते हैं. साथ ही मात्र वैसे पटाखों की बिक्री की जा सकेगी जिनकी ध्वनि सीमा 125 डेसीबल से कम हो. उक्त निर्देश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता व वायु प्रदूषण निवारण अधिनियम एवं अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जायेगी. छठ पूजा समिति द्वारा छठ घाटों व छठ मार्गों की साफ-सफाई, पानी छिड़काव, अस्थायी शौचालय निर्माण एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया. इस संदर्भ में प्रशासक नगर परिषद, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता बिजली आपूर्ति प्रमंडल एवं अंचल अधिकारी, सिमडेगा को आवश्यक निर्देश दिये गये. दीपावली व छठ घाटों पर चिकित्सा दल प्रतिनियुक्त करने के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया. निर्णय लिया गया कि धनतेरस पर अपराह्न चार बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन बंद रखा जायेगा. छठ पूजा पर संध्या अर्घ्य पर अपराह्न दो बजे रात्रि आठ बजे तक तथा प्रातः अर्घ्य पर रात्रि दो बजे से प्रातः आठ बजे तक भारी वाहनों का परिचालन बीरू स्थित चेकनाका व दुकूपानी पेट्रोल पंप के पास बंद रखने का निर्देश दिया गया. मौके पर उपस्थित सदस्यों ने छठ पर्व पर विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से बहाल कराने का अनुरोध किया गया. बैठक में डीडीसी दीपांकर चौधरी, परियोजना निदेशक सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र, पुलिस उपाधीक्षक, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संतोष कुमार सिंह, शम्मी आलम आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >