सिमडेगा. छात्र आंदोलन के बाद राज्य सरकार द्वारा JSSC-CGL परीक्षा तथा TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा के बाद नगर परिषद सहित जिले के अन्य विभागों में हाल के दिनों में नियुक्त 21 अधिकारियों पर असर पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गयी है.
आपूर्ति, कल्याण और राजस्व विभाग में मिली थी नियुक्ति
जिले में JSSC-CGL एवं TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर आठ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, पांच प्रखंड कल्याण पदाधिकारी तथा आठ अंचल निरीक्षक/कानूनगो की नियुक्ति हुई थी. नियुक्ति के बाद इन अधिकारियों ने संबंधित पदों पर योगदान देकर कार्य करना शुरू कर दिया था.
नियुक्त अधिकारियों के भविष्य पर सवाल
अब संबंधित परीक्षाओं को रद्द किए जाने की घोषणा के बाद इन अधिकारियों की नियुक्ति और सेवा की स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है. हालांकि, उनकी नियुक्ति पर अंतिम रूप से क्या कार्रवाई होगी और उनकी सेवा जारी रहेगी या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं है. इस संबंध में सरकार के आगामी निर्णय और संबंधित विभागों की ओर से जारी होने वाले आदेश के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.
अभ्यर्थी और अधिकारी दोनों असमंजस में
परीक्षाएं रद्द किए जाने के फैसले से एक ओर जहां परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के बीच फिर से असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है. वहीं दूसरी ओर परीक्षा परिणाम के आधार पर सरकारी सेवा में नियुक्त होकर योगदान दे चुके अधिकारियों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: सिमडेगा में निर्माण स्थलों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, रात की सुरक्षा से CCTV तक होगी कड़ी निगरानी
सरकारी आदेश के बाद ही साफ होगी सेवा की स्थिति
सिमडेगा में 21 नवनियुक्त अधिकारियों के प्रभावित होने की संभावना के बाद अब संबंधित अधिकारी और प्रशासनिक महकमा सरकार के अगले आदेश का इंतजार कर रहा है. नियुक्त अधिकारियों की सेवा को लेकर सरकार क्या निर्णय लेती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: ग्रामीण बेटियों का दमदार खेल, बारिश में टुटीकेल ने रचा जीत का इतिहास
