सिमडेगा में 54 पंडालों में हो रही है जगत जननी की आराधना

पूजा पंडालों की तैयारी लगभग अंतिम चरण में

सिमडेगा. जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले में दुर्गा पूजा की धूम दिख रही है. जिले में लगभग 54 पूजा पंडालों में मां जगत जननी की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. शहरी क्षेत्र में आठ प्रमुख स्थलों पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाये गये हैं, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच कर मां का दर्शन और आशीर्वाद ले रहे हैं. पूजा समितियों के सदस्यों के अनुसार सजावट, लाइटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं. जिला प्रशासन ने भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किये हैं. जिले में इन दिनों आस्था व उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है. मां जगत जननी के जयकारों से सिमडेगा की गलियां गूंज रही हैं. रामनगर पूजा पंडाल: रामनगर में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है. यहां मां जगत जननी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है. श्रद्धालु एनएच-143 से भट्टी टोली होकर पूर्व की ओर स्थित शेख भिखारी प्रवेश द्वार से रामनगर पूजा स्थल तक पहुंच सकते हैं. नीचे बाजार पूजा पंडाल: नीचे बाजार में पूजा समिति के तत्वावधान में पूजा-अर्चना की जा रही है. श्रद्धालु एनएच-143 से पश्चिम दिशा में पीसीसी पथ से प्रवेश कर सीधे नीचे बाजार पंडाल तक पहुंच सकते हैं. पूजा पंडाल आने के लिए श्रीराम प्लाई दुकान के बगल पीसीसी पथ से जाकर दर्शन के बाद वापस साहा होटल गली से मेन रोड में आ सकते हैं. गुलजार गली पूजा पंडाल: गुलजार गली में भी मां भवानी की प्रतिमा स्थापित की गयी है. यहां आनंद भवन के पीछे श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गयी है. अपर बाजार पूजा पंडाल: अपर बाजार स्थित मंदिर प्रांगण में भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है. यहां प्रतिमा दर्शन के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है. महावीर चौक से पूर्व दिशा में रामजानकी मंदिर रोड में प्रवेश करेंगे. दर्शन के बाद एसबीआइ गली से पुन: मुख्य पथ पर श्रद्धालु निकल सकते हैं. कुंज नगर पूजा पंडाल: कुंज नगर में भी आकर्षक पंडाल बनाया गया है. श्रद्धालु एनएच-143 से मित्तल गली होते हुए यहां पहुंच सकते हैं. पूजा-अर्चना के बाद वे तसर केंद्र होते हुए पीसीसी पथ से पुनः मुख्य मार्ग पर लौट सकते हैं. प्रिंस चौक पूजा पंडाल: प्रिंस चौक पर भी मां की प्रतिमा स्थापित की गयी है. यह स्थल सीधे एनएच-143 से सटा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को यहां पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती. नगर भवन पूजा पंडाल : नगर भवन में भी भव्य प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा की जा रही है. यह स्थल भी एनएच-143 से जुड़ा हुआ. झूलन चौक के पास स्थित है. सामटोली पूजा पंडाल: सामटोली के शिव मंदिर प्रांगण में आकर्षक पूजा पंडाल बनाया गया है. श्रद्धालु एनएच-143 से पश्चिम की ओर सामटोली रोड होते हुए एसडीओ आवास के निकट स्थित शिव मंदिर पहुंचकर मां का दर्शन कर सकते हैं. यहां हॉकी स्टेडियम के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. जिला प्रशासन की तैयारी: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन व पूजा समितियों द्वारा पार्किंग, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्था की पुख्ता तैयारियां की गयी हैं. भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है. पूजा पंडालों में इन दिनों धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >