बस से आठ किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
बस से आठ किलो गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
सिमडेगा. जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत शनिवार को कार्रवाई करते हुए करीब आठ किलो गांजा जब्त किया है. पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. एसपी श्रीकांत एस खोटरे को मिली सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने बासजोर थाना क्षेत्र के खमनटांड़ चेकपोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान राउरकेला से सिमडेगा आ रही ताज यात्री बस को रोक कर तलाशी ली गयी. जांच के दौरान बस की सीट नंबर 23 पर बैठे एक यात्री के पास संदिग्ध बैग मिला. तलाशी लेने पर एडिडास कंपनी के बैग और एक प्लास्टिक बोरी से कुल सात पैकेट गांजा बरामद हुआ. तौल करने पर इसका वजन 7.862 किलोग्राम पाया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से 700 रुपये नकद, एक रियलमी सी-35 मोबाइल फोन तथा संबलपुर-फुलवानी (ओड़िशा) का ट्रेन टिकट और बस टिकट जब्त किया है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान लव पांडेय (40 वर्ष), पिता- राजवंश पांडेय, निवासी मल्हार कला, थाना चेनारी, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है. आरोपी के खिलाफ बासजोर ओपी (जलडेगा थाना) में मामला दर्ज किया गया है. छापेमारी दल में एसडीपीओ सिमडेगा, ओपी प्रभारी पुअनि दीपेश कुमार, सअनि बुधवा मुंडा तथा आरक्षी रेशमा बरवा शामिल थे.