सिमडेगा. अलबर्ट एक्का स्टेडियम में इलेक्ट्रिक ऑटो चालक संघ सम्मेलन का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी विनोद पासवान व विशिष्ट अतिथि के रूप में टैक्सी स्टैंड ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष प्रेमदास, झारखंड मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, संरक्षक रामजी यादव व शरीफ खान उपस्थित थे. सम्मेलन में मुख्य अतिथि थाना प्रभारी को मजदूर संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बुके देकर और माला पहना कर स्वागत किया. मौके पर इलेक्ट्रिक ऑटो चालक संघ के लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं. चालकों ने कहा कि हमलोगों को स्टैंड नहीं मिलने से परेशानी हो रही है. विशिष्ट अतिथि रामजी यादव ने कहा कि नशा कर गाड़ी ना चलायें. उन्होंने कहा कि ईमानदारी से आम जनता की सेवा करें. शरीफ खान ने कहा चालक मनमानी न करें. ईमानदारी से यात्रियों से भाड़ा लें. सम्मेलन में ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष प्रेमदास ने कहा कि आपलोग एकजुट होकर अपनी पहचान बनायें. कहा कि किसी के साथ गलत व्यवहार न करें. मुख्य अतिथि थाना प्रभारी विनोद पासवान ने कहा कि सभी चालक अपने यूनियन का कार्ड बना लें, ताकि किसी प्रकार का दुर्घटना होने से पहचान की जा सके. श्री पासवान ने कहा कि सभी चालक का ड्रेस आवश्यक है. ड्राइविंग लाइसेंस व गाड़ी के कागजात दुरुस्त रखें. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर फोन के माध्यम से तुरंत सूचना दें. कहा कि आपलोग नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलायेंगे, अन्यथा गाड़ी जब्त कर ली जायेगी. मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि सभी चालक नियम का उल्लंघन नहीं करें, अन्यथा संघ द्वारा कार्रवाई की जायेगी. कहा कि सभी टोटल चालक सड़क सुरक्षा नियमों का पालन आवश्यक रूप से करेंगे. सम्मेलन को सफल बनाने में संगठन के सचिव यासीन शेख ,पप्पू , दानिश अंसारी, विल्सन लागू, निर्मल, राजकुमार महतो, मनोज अग्रवाल, बिलाल अंसारी, जॉन तिर्की, विनोद, इम्तियाज, बबलू, रियाज के अलावा अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
