दीपक कुमार अग्रवाल बने उपाध्यक्ष

सिमडेगा नगर परिषद उपाध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

सिमडेगा. सिमडेगा समाहरणालय के सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर परिषद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. इस पद के लिए वार्ड नंबर 12 के पार्षद दीपक कुमार अग्रवाल (रिंकू), वार्ड नंबर आठ के पार्षद कुलदीप किंडो तथा वार्ड नंबर 17 के पार्षद चंदन कुमार डे ने नामांकन दाखिल किया था. चुनाव में दीपक कुमार अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कुलदीप किंडो को बेहद कड़े मुकाबले में मात्र एक मत से पराजित किया. दीपक अग्रवाल को नौ मत प्राप्त हुए, जबकि कुलदीप किंडो को आठ और चंदन कुमार डे को तीन मत मिले. इस प्रकार दीपक कुमार अग्रवाल को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया गया. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अपर समाहर्ता ज्ञानेंद्र ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र प्रदान किया. इसके पश्चात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कंचन सिंह की उपस्थिति में नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा ने उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी. इस अवसर पर उपनिर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो समेत सभी वार्ड सदस्य मौजूद रहे.

कड़ी सुरक्षा के बीच लागू रही निषेधाज्ञा

उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये थे. समाहरणालय परिसर के आसपास 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गयी थी, जो सुबह छह बजे से लेकर चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रही. इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, नारेबाजी करने तथा किसी भी प्रकार के हथियार के साथ प्रवेश करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >