पुलिस केंद्र स्थित सरना स्थल पर सरहुल मिलन समारोह का आयोजन सिमडेगा. पुलिस केंद्र स्थित सरना स्थल पर सरहुल मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाते हुए प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दिया. कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस उपाधीक्षक व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पारंपरिक स्वागत से हुई. अतिथियों का स्वागत सखुआ फूल कानों में खोंसकर, सरना गमछा ओढ़ा कर तथा सांस्कृतिक गीत-संगीत व नृत्य के साथ किया गया. मौके पर सरहुल पर्व की सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला गया. वक्ताओं ने कहा कि यह पर्व वसंत ऋतु के आगमन और सखुआ फूलों के खिलने का प्रतीक है, जो प्रकृति, एकता व भाईचारे का संदेश देता है. समारोह के दौरान एसपी श्रीकांत एस खोटरे समेत अन्य वरीय अधिकारियों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य कर कार्यक्रम को उत्सवमय बना दिया. एसपी ने सभी को सरहुल पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे, जल, जंगल व पहाड़ों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है. कार्यक्रम का उद्देश्य नयी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना और प्रकृति के प्रति जागरूक करना बताया गया. अंत में सभी ने समाज में शांति, सौहार्द और सहयोग की भावना बनाये रखने का संकल्प लिया. मौके पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, जवान और प्रकृति प्रेमी उपस्थित थे.
जल, जंगल व पहाड़ों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी : एसपी
पुलिस केंद्र स्थित सरना स्थल पर सरहुल मिलन समारोह का आयोजन
