सिमडेगा. दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रांची के आयुक्त मनोज कुमार ने सिमडेगा जिले का दौरा कर पर्यटन, ग्रामीण विकास, कृषि और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. दौरे के दौरान उन्होंने रामरेखा धाम के विकास कार्यों का निरीक्षण किया, अबुआ आवास योजना के लाभुकों से संवाद किया, किसानों की कृषि गतिविधियों को देखा और विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया. दौरे की शुरुआत प्रसिद्ध रामरेखा धाम से हुई, जहां आयुक्त ने पूजा-अर्चना कर धाम की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता की जानकारी ली. रामरेखा धाम समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए पर्यटन विकास योजनाओं की जानकारी दी.
रामरेखा धाम की परियोजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में रामद्वार, अन्नक्षेत्र (कैफेटेरिया), मुक्ताकाश रंगमंच, संग्रहालय, कियोस्क, गजीबो, लक्ष्मण एवं सीता कुंड सौंदर्यीकरण, बहुउद्देशीय भवन, विवाह मंडप, पार्किंग, उद्यान, शौचालय, सौर ऊर्जा संयंत्र और अग्निशमन व्यवस्था सहित कई परियोजनाओं पर चर्चा हुई. आयुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि रामरेखा धाम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है. उन्होंने परियोजनाओं के तहत विकसित होने वाले स्थलों के लिए रामचरितमानस से प्रेरित आकर्षक नाम रखने का सुझाव दिया. इसके बाद आयुक्त पाकरटांड़ प्रखंड के कैरबेड़ा गांव पहुंचे, जहां अबुआ आवास योजना के तहत बने दो आवासों का फीता काटकर लाभुकों का गृह प्रवेश कराया. उन्होंने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए लाभुकों से बातचीत की. आयुक्त ने कोचेडेगा पंचायत के बांसपहार गांव में सामूहिक कृषि कार्यों का भी निरीक्षण किया.
छात्रों को साइकिल बांटी, सामूहिक खेती का भी किया निरीक्षण
किसानों ने बताया कि शंख नदी से लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से सिंचाई की जा रही है. यहां जरबेरा फूल के अलावा भिंडी, मिर्च, मक्का और अन्य सब्जियों की खेती की जा रही है. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री उन्नति का पहिया योजना के तहत 50 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की और नियमित विद्यालय आने व बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया. अंत में उन्होंने हेरिटेज सह म्यूजियम सेंटर का निरीक्षण कर सिमडेगा के इतिहास और पुरानी वस्तुओं की जानकारी ली. भ्रमण के दौरान उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे सहित जिले के कई अधिकारी मौजूद थे.
