सिमडेगा. सदर थाना परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात ज्ञानी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में विभिन्न त्योहारों ईद, सरहुल, रामनवमी, महावीर जयंती व चैती दुर्गापूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गयी. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व समिति के सदस्यों ने अपनी-अपनी बातें रखीं. बैठक में निर्णय लिया गया कि ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सुबह 7.30 बजे से 9.30 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. इसके अलावा ईदगाह व कब्रिस्तान में नमाजियों की सुविधा के लिए टैंकर के माध्यम से जल उपलब्ध कराने की मांग भी उठायी गयी. इस तरह सरहुल पर्व को लेकर 21 मार्च को दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग समिति के सदस्यों ने रखीं, ताकि जुलूस और पारंपरिक कार्यक्रम सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके. रामनवमी से जुड़े कार्यक्रमों की भी विस्तृत रूपरेखा बैठक में प्रस्तुत की गयी. इसके अनुसार 17 मार्च को झंडा पूजा व मंगलवारी जुलूस निकाला जायेगा. 24 मार्च को वादन और अखाड़ा का आयोजन होगा, जबकि 25 मार्च को शो गेम आयोजित किया जायेगा. 27 मार्च को शाम चार बजे से शोभायात्रा निकाली जायेगी. इन सभी कार्यक्रमों का समापन महावीर जयंती पर किया जायेगा. बैठक में चैती दुर्गा पूजा को लेकर भी जानकारी दी गयी. बताया गया कि पूजा की शुरुआत 19 मार्च से होगी. 25, 26 और 27 मार्च को प्रतिमा पूजा का आयोजन किया जायेगा, जबकि 28 मार्च को विधिवत विसर्जन किया जायेगा. बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई. इस मुद्दे पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गयी. समिति के सदस्यों ने नगर क्षेत्र में नियमित सफाई, कचरा उठाव तथा त्योहारों के दौरान विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी. एसडीओ प्रभात ज्ञानी ने सभी से अपील की कि सभी समुदाय के लोग आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनायें व सरकारी आदेशों का पालन करें. उन्होंने प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया, ताकि सभी पर्व व त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें. बैठक में मुख्य रूप से एसडीपीओ बैजू उरांव, सीओ इम्तियाज अहमद, प्रशासक अरविंद तिर्की आदि मौजूद थे.
भाईचारे और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार मनायें : एसडीओ
ईद सरहुल रामनवमी व चैती दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक
