सिमडेगा: बोलबा थाना पुलिस ने गुमशुदा 23 वर्षीय महिला को सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया. महिला 27 जून को बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई थी. मामले में बोलबा थाना में सनहा संख्या-15/26 दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला की खोज के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया.
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया. पुलिस के प्रयासों से 11 जुलाई को महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया. सत्यापन एवं अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. इस संबंध में सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने या संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
