बेहतर स्वास्थ्य मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी : डीएसपी

प्रभातफेरी निकाल स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक

सिमडेगा. विश्व स्वास्थ्य दिवस पर शांति भवन मेडिकल सेंटर व पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को प्रभातफेरी निकाली गयी. इसकी शुरुआत पुलिस लाइन से हुई, जिसमें शांति भवन मेडिकल सेंटर के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ पुलिस विभाग के अधिकारी व जवान शामिल हुए. प्रभातफेरी के माध्यम से पूरे शहर में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ. प्रभातफेरी पुलिस लाइन से निकल कर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए अलबर्ट एक्का स्टेडियम पहुंची. इस दौरान हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार लेने तथा स्वच्छता बनाये रखने के प्रति जागरूक किया. डीएसपी रणवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जिंदगी के कारण लोग अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाये रखने के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार तथा व्यायाम को अपनाना बेहद आवश्यक है. डॉ आलोक रॉय ने कहा कि यदि व्यक्ति अपने भोजन को दवा की तरह ले, तो उसे दवा को भोजन की तरह लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. उन्होंने कहा कि आजकल लोग अनियमित खानपान और अस्वस्थ जीवनशैली के कारण कई बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. ऐसे में संतुलित आहार, समय पर भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता का पालन करना जरूरी है. प्रभात फेरी के समापन पर उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >