सिमडेगा. सिमडेगा में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर नववर्ष विक्रम संवत 2083 के स्वागत में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा के तत्वावधान में शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गयी. प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक के नेतृत्व में शोभायात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर प्रिंस चौक होते हुए नीचे बाजार तक पहुंची और पुनः विद्यालय प्रांगण में आकर संपन्न हुई. पूरे मार्ग में जय श्री राम, राजा विक्रमादित्य की जय, विक्रम संवत की जय, भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान रहा. शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण विभिन्न मनमोहक झांकियां रहीं. विद्यालय की छात्राओं ने नवदुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में सुसज्जित होकर श्रद्धा, सौंदर्य और आस्था का अद्भुत प्रदर्शन किया, वहीं छात्र बजरंग बली के रूप में वीरता और भक्ति का संगम प्रस्तुत करते नजर आये. राजा विक्रमादित्य के राज दरबार की झांकी ने भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक गौरव की झलक प्रस्तुत की. यात्रा में शामिल छात्र-छात्राएं भगवा ध्वज थामे एकरूप वेशभूषा में अनुशासित पंक्तियों में चल रहे थे, जिनका उत्साह और अनुशासन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय संगठनों व गणमान्य नागरिकों ने शोभायात्रा का स्वागत किया. नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओलिवर लाकड़ा के नेतृत्व में स्वागत किया गया. इसके अलावा दुर्गा पूजा समिति प्रिंस चौक, तूफान क्लब के सदस्यों सहित समाजसेवी मनोज गोयल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, अनिरुद्ध सिंह, राजेश एवं सुनील समेत कई लोगों ने पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का अभिनंदन किया. इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच शीतल जल, शरबत, चॉकलेट एवं बिस्कुट का वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया गया. शोभायात्रा में नप उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, विहिप जिलाध्यक्ष कौशल राज सिंह देव, वार्ड पार्षद कमला कुमारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के संरक्षक पुरुषोत्तम अग्रवाल, रमेश गोयल, अध्यक्ष हनुमान बोंदिया, विद्या बड़ाइक, रामकृष्ण महतो, सुदर्शन सिंह, मुरारी प्रसाद, संकुल प्रमुख संतोष दास, आनंद जायसवाल आदि उपस्थित थे.
आकर्षक झांकियों ने मन मोहा, जय श्रीराम से गूंजा शहर
सिमडेगा में नववर्ष विक्रम संवत 2083 का हुआ स्वागत, शोभायात्रा व कलशयात्रा निकली
