केरसई के बासेन में सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने बांधा समां
सिमडेगा. केरसई प्रखंड के बासेन गांव में मंगलवार की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उदघाटन भाजपा किसान मोर्चा के प्रमंडलीय प्रभारी मंगल सिंह भोगता, कोष्टा समाज के जिला अध्यक्ष अवधेश मेहर, संरक्षक मानकी लाल, मुखिया सत्या देवी एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष कैलाश मेहर ने किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंगल सिंह भोगता ने कहा कि सिमडेगा की यह पावन धरती भगवान राम के चरणों से पवित्र हुई है. उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान कलियुग में भी अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और उनकी पूजा से सुख, शांति एवं समृद्धि की प्राप्ति होती है. गांव में हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से समस्त सनातन समाज को एकजुट करने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान कैलाश मेहर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया. वहीं अवधेश मेहर, मानकी लाल एवं सत्या देवी ने अपने विचार रखते हुए सामाजिक एकता और समरसता बनाए रखने पर जोर दिया. सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत लोक गायक महावीर साहु ने मर्दानी झुमर राग में भगवान विष्णु की स्तुति प्रस्तुत कर की. इसके बाद अंजली, पूनम, लक्ष्मण, प्रीति मेहर सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नागपुरी गीत प्रस्तुत कर देर रात तक समां बांधे रखा. डांसर सारिका का मनमोहक नृत्य युवाओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा. मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन भी आयोजित किया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.