कलश यात्रा के साथ अखंड हरिकीर्तन सह यज्ञ महोत्सव शुरू

कलश यात्रा के साथ अखंड हरिकीर्तन सह यज्ञ महोत्सव शुरू

बानो. कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत लचरागढ़ के देवी गुड़ी मंदिर परिसर में कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय अखंड हरिकीर्तन सह यज्ञ महोत्सव शुरू हुआ. इसको लेकर क्षेत्र में उत्साह देखा गया. कलश यात्रा यज्ञ स्थल से शुरू होकर लचरागढ़ टावर चौक, महावीर मंदिर, बाजारटांड़ होते देवनदी पहुंची, जहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं को कलश में पवित्र जल भरवाया गया. इसके बाद पुनः शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यज्ञ स्थल पहुंचे. पूरे मार्ग में हर हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया. श्रद्धालु भगवा ध्वज लेकर भक्ति गीत गाते हुए आगे बढ़ते रहे. मंदिर पहुंचने पर जलाभिषेक किया गया. आयोजन में महिला-पुरुष, युवक-युवतियों और बच्चों की बड़ी भागीदारी रही. आयोजकों ने बताया कि 20 मार्च को नामकरण संस्कार के साथ अखंड हरिकीर्तन शुरू होगा, जबकि 21 मार्च को पूर्णाहुति, नगर भ्रमण और महाभंडारा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा.

विधवा को मिला दो लाख का बीमा लाभ

कुरडेग. झारखंड ग्रामीण बैंक की किनकेल शाखा ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत सराहनीय पहल करते हुए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का क्लेम त्वरित रूप से निबटाया. शाखा प्रबंधक सागर कुमार ने लाभार्थी अंजेला लकड़ा को दो लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की. जानकारी के अनुसार जाम टोली निवासी स्वर्गीय जॉनसन लकड़ा ने अपने बचत खाते के माध्यम से पीएमजेजेबीवाइ योजना में बीमा कराया था और अपनी पत्नी अंजेला लकड़ा को नॉमिनी बनाया था. कुछ दिन पूर्व बीमारी के कारण उनकी आकस्मिक मौत हो गयी थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. ऐसे कठिन समय में बैंक ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए आवश्यक कागजी प्रक्रिया शीघ्र पूरी की और लाभार्थी को समय पर बीमा राशि उपलब्ध करायी. मौके पर कैशियर सत्यम प्रसाद, कार्यालय अनुचर संदीप मांझी, बैंक सखी स्नेहलता आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >