सिमडेगा. सेंट जेवियर्स कॉलेज सिमडेगा में विशेष व्याख्यान कार्यक्रम हुआ. मुख्य वक्ता के रूप में सेंट जेवियर कॉलेज कोलकाता के रेक्टर रेव्ह फादर जयराज वेलुस्वामी उपस्थित थे. कार्यक्रम का विषय था एआइ युग में मूल्य आधारित गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा में अवसर और चुनौतियां. फादर जयराज वेलुस्वामी ने कहा कि आज के आधुनिक समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) शिक्षा क्षेत्र में नयी संभावनाएं और चुनौतियां लेकर आयी है. कहा कि अच्छी शिक्षा के लिए योग्य व समर्पित शिक्षक जरूरी है. क्योंकि वहीं छात्रों को सही दिशा प्रदान करते हैं. उन्होंने सेंट जेवियर कॉलेज कोलकाता की स्थापना और इतिहास का संक्षिप्त उल्लेख किया तथा बताया कि इसके बाद रांची व सिमडेगा में सेंट जेवियर कॉलेज की स्थापना हुई, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पुस्तकालय और कंप्यूटर लैब का अधिक से अधिक उपयोग करें, अनुशासन बनाये रखें और निरंतर अपने ज्ञान को अद्यतन करते रहें. उन्होंने कहा कि आज के समय में एआइ और चैटजीपीटी जैसे तकनीकी साधनों का सही उपयोग कर छात्र अपनी पढ़ाई को और अधिक प्रभावी बना सकते हैं. कार्यक्रम के दौरान सुबह कॉलेज के प्राचार्य फादर रोशन बा ने अतिथि का सम्मान गमछा और पौधे भेंट कर किया. मौके पर कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं समेत अन्य अतिथि उपस्थित थे.
शिक्षा क्षेत्र में नयी संभावनाएं और चुनौतियां लेकर आयी है एआइ : फादर जयराज
सेंट जेवियर्स कॉलेज सिमडेगा में विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित
