सिमडेगा. अग्रवाल सभा के तत्वावधान में कुलप्रवर्तक भगवान अग्रसेन जी की जयंती महोत्सव के तहत होने वाली विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का मंगलवार को आनंद भवन में शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत सभा के संरक्षकों ने समाज के गौरव के प्रतीक ध्वज का ध्वजारोहण कर की. इसके बाद अग्रवाल समाज के लोगों ने भगवान अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और मंगल आरती की. पूजन के बाद संरक्षकों ने कैरम बोर्ड पर स्ट्राइकर से पहली हिट लगाकर खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन किया.
विभिन्न आयु वर्ग के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
आयोजकों ने बताया कि अग्रसेन जयंती तक विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए खेलकूद के साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, सहभागिता और उत्साह बढ़ाना है. कार्यक्रम में शंभू लाल अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल, लीलू राम अग्रवाल, खुशीराम अग्रवाल, जगदीश गोयल, कैलाश अग्रवाल, पिंटू अग्रवाल, मोतीलाल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मनोज जैन, रेखा अग्रवाल, संगीता बंसल, अमन अग्रवाल, हर्ष जैन सहित अग्रवाल सभा, अग्रवाल युवा समिति और अग्रवाल महिला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे.
