सिमडेगा : सिमडेगा कॉले ज में छात्र संघ चुनाव की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी है. चार पदों के लिए आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. आदिवासी छात्र संघ तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद समर्थित उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है. अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप कुमार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं.
उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव व उप सचिव पद के लिए चुनाव तीन दिसंबर को पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से अपराह्न साढ़े चार बजे तक होगा. निर्वाची पदाधिकारी सह कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए सबहत एकराम व नम्रता लुगून,सचिव पद के विवेक कुमार बड़ाइक व आरती डुंगडुंग, संयुक्त सचिव पद के लिए अनमोल तिर्की व विजेता कुमारी, उप सचिव पद के लिए निलेश लकड़ा व निरंजन कुमार चुनाव मैदान में हैं. चार दिसंबर को मतों की गिनती कर विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जायेगी. साथ ही सफल प्रत्याशियों को शपथ भी दिलाया जायेगा.
2933 मतदाता करेंगे मतदान
छात्र संघ चुनाव में स्नातक के छात्र-छात्राएं मतदान करेंगे. मतदाताओं की संख्या 2852 है. अलग-अलग पदों के लिए अलग रंग के मत पत्र बनाये गये हैं. उपाध्यक्ष पद के लिए पीला, सचिव पद के लिए गुलाबी, संयुक्त सचिव पद के लिए सफेद तथा उप सचिव पद के लिए हरा मत पत्र बनाया गया है.
शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कॉलेज प्रशासन कटिबद्ध : निर्वाची पदाधिकारी डॉ लोरेंग टेटे
कॉलेज के प्राचार्य सह निर्वाची पदाधिकारी डॉ लोरेंग टेटे ने कहा कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष छात्र संघ चुनाव के लिए कॉलेज प्रशासन कटिबद्ध है. उन्होंने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. चुनाव के क्रम में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम होंगे. इसके लिये पुलिस बल की व्यवस्था की गयी है.पुलिस प्रशासन से पुलिस बल की मांग की गयी है.
