सिमडेगा : समाहरणालय में सोमवार को जनता दरबार लगाया गया. इसकी अध्यक्षता उपायुक्त जटाशंकर चौधरी ने की. जनता दरबार में दूर दराज से आये लोगों ने अपनी फरियाद लगायी. इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया गया. सलडेगा नंबर 6 के ग्रामीणों ने उपायुक्त से कहा कि प्लॉट संख्या 579, 577, 578 में सरकारी जमीन की घेराबंदी किये जाने से खेती के कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है.
ग्रामीणों ने 10 फीट रास्ता छोड़ने की गुहार लगायी. बेतमा के लोगों ने बेतमा कीर्तन भवन के सामने सामुदायिक भवन निर्माण कराने की गुहार लगायी. बानो थाना के बुमूलड़ा प्रधानटोली में गर्भवती बसंती देवी और उसकी चार वर्ष की बेटी मनीषा कुमारी की हुई हत्या के आराेपियों को गिरफ्तार करने व पीड़ित परिवार को इंसाफ देने का निर्देश दिया गया.
टापूडेगा पंचायत ग्राम के वार्ड सदस्य नूतन बा ने टापूडेगा पहारटोली में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण करने की गुहार लगायी. क्रुसकेला पंचायत अंतर्गत ग्राम जराटांड़ तथा अंबा टोली के लोगों ने ट्रांसफारमर की मांग की. इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, इंदिरा आवास, राशन कार्ड, राशन दुकान, खाद्य आपूर्ति, जमीन विवाद, शौचालय, रोजी रोजगार, वज्रपात, स्वास्थ्य अनुदान व नियोजन आदि मामलों को लेकर 65 से अधिक लोगों ने उपायुक्त से फरियाद की.
