सिमडेगा : जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को समाहरणालय में हुई. इसकी अध्यक्षता सांसद कड़िया मुंडा ने की. उपविकास आयुक्त अनन्य मितल ने पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों से संबंधित अनुपालन प्रतिवेदन से सांसद को अवगत कराया. सांसद ने कहा कि प्रशासन जनता की सुविधा के अनुसार कार्य करें.
जिला में बीएसएनएल द्वारा किये जा रहे कार्यों में कोताही बरते जाने पर सांसद ने नाराजगी जतायी और बीएसएनएल के पदाधिकारी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया. बीएसएनएल के पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला में चिह्नित स्थलों में टावर का अधिष्ठापन किया गया है. उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में भी अबतक टावर का अधिष्ठापन नहीं होने पर भी सांसद ने अधिकारियों को फटकार लगायी.
उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों द्वारा रुचि नहीं लेने के कारण अबतक जिला में शत-प्रतिशत टावर निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है. अविलंब सभी टावरों को सुचारू रूप से चालू नहीं किया, तो कार्रवाई होगी. जेटीडीएस की समीक्षा के क्रम में कहा कि जो भी पशु देते हैं, उनका टीकाकरण सुनिश्चित करायें.इसके अलाव अन्य कार्यों की समीक्षा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. बैठक में विधायक विमला प्रधान, एसपी संजीव कुमार, उपविकास आयुक्त अनन्य मित्तल व जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे.
