सिमडेगा : एसएस प्लस उच्च विद्यालय सिमडेगा के सभागार में राजकीयकृत, राजकीय उत्क्रमित, प्रोजेक्ट, मॉडल एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के प्रधानाध्यापकों की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी नीरू पुष्पा टोप्पो ने की. बैठक में सभी विद्यालयों के शौचालयों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. बताया गया कि नीति आयोग द्वारा टीम गठित कर दी गयी है. टीम द्वारा कभी भी शौचालय का निरीक्षण किया जा सकता है.
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की गयी. जो विद्यालय अब तक विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं दिये हैं, उन्हें तीन दिनों के अंदर विद्युत विभाग में आवेदन जमा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में ज्ञान सेतु के तहत बच्चों का पठन-पाठन शुरू करने एवं पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. विद्यालय में प्रतिनियोजित शिक्षकों की सूची, मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में टॉप थ्री छात्रों की सूची, तड़ित चालक का प्रतिवेदन जमा करने काे कहा गया.
