सिमडेगा : ठेठईटांगर प्रखंड के केरेया घाटतरी गांव में जहरीली हड़िया पीने से सात लोगों की मौत हो गयी. आठ लोगों की हालत गंभीर है. इनमें सात को रिम्स रेफर किया गया है. पुलिस ने बची हुई हड़िया को जब्त कर लिया है. इसे जांच के लिए लैब में भेजा जायेगा. गांव की फुलजेंसिया भेंगरा (40) की शुक्रवार रात उल्टी-दस्त के बाद मौत हो गयी थी. शनिवार सुबह दफन क्रिया से लौटने के बाद उसके 14 रिश्तेदारों ने घर में रखी हड़िया पी ली. कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी.
रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान तीन की मौत
ठेठईटांगर रेफरल अस्पताल ले जाने के दौरान मेढ़ो देवी (60) और उसके बेटे घूरन मांझी (30) ने दम तोड़ दिया. 12 लोगों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से संजय मांझी, मेरी बिलुंग और टुडी लुगुन की इलाज के दौरान मौत हो गयी. एक अन्य फिलोमीना गुड़िया ने बीरू ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया. सात लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया. केरेया पंचायत के वार्ड 11 के सदस्य किशोर गुड़िया को परिजन इलाज के लिए ओडिशा ले गये हैं. पुलिस का मानना है कि फुलजेंसिया भेंगरा की मौत भी जहरीली हड़िया पीने से हुई है.
बुधवार को बनाया था हड़िया
गांव की सुगंती देवी और बसंती देवी ने बताया कि फुलजेंसिया ने ठेठईटांगर हाट से मंगलवार को हड़िया बनाने के लिए रानू नामक कंद खरीदा था. बुधवार को बुधवार को हड़िया बनाकर पी लिया. उसकी तबियत बिगड़ी. उल्टी-दस्त से शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी. किसी को अंदाजा नहीं हुआ कि उसकी मौत जहरीली हड़िया से हुई है. शुक्रवार रात रिश्तेदार और गांववाले अंतिम संस्कार के लिए जुटे. दफन क्रिया के बाद रात में वे वापस लौट गये. शनिवार सुबह तीतापानी संस्कार के लिए 14 रिश्तेदार फुलजेंसिया के घर आये और वहां रखी हड़िया को पी गये. इस दौरान अमित गुड़िया ने कहा कि हड़िया से नेल पॉलिश की गंध आ रही है और उसने ग्लास फेंक दिया. बाकी लोगों ने हड़िया पी ली. इसके बाद से ही उनकी तबियत बिगड़ने लगी.
हड़िया जब्त, जांच के लिए भेजेंगे
जहरीली हड़िया पीने से सदर अस्पताल में लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही डीसी जटाशंकर चौधरी और एसपी संजीव कुमार दोपहर 12 बजे अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली. उनके साथ एसडीओ जगबंधु महथा, एसडीपीओ अमित कुमार सिंह, डीएसपी प्रदीप उरांव, प्रशिक्षु डीएसपी विजय कुशवाहा, सीओ विनय प्रकाश तिग्गा, इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह, थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो, अरविंद कुमार, ठेठईटांगर थाना प्रभारी बृज कुमार भी थे. इसके बाद पुलिस ने हड़िया को जब्त कर लिया.
इनकी हुई मौत
फुलजेंसिया भेंगरा (40), मेढ़ो देवी (60), घूरन मांझी (38), संजय मांझी (28), मेरी बिलुंग (48), टुडी लुगुन (41) और फिलोमीना गुड़िया (60).
इनकी हालत गंभीर
अमृत भेंगरा (30), थॉमस लुगुन (58), रजनी भेंगरा (42), कुंवारी दावना (40), सेबेस्टीना टोपनो (38), अमित गुड़िया (41) और किशोर गुड़िया (42).
