देवघर में स्वास्थ्य मंत्री का ऐलान: श्रावणी मेले में चलेंगी बाइक एंबुलेंस, अस्पतालों की मनमानी पर लगेगी रोक

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान उन्होंने देवघर एम्स पर सवाल उठाए.

देवघर से राजीव रंजन की रिपोर्ट

Shravani Mela 2026, देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला की तैयारियों को देखने के लिए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को देवघर सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी, विभिन्न वार्डों, जांच केंद्र, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और ओपीडी समेत पूरी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के बाद उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार और अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां और कमियां हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं. मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के बेड के पास जाकर उनसे मुलाकात की और मिल रही चिकित्सा सुविधाओं व दवाओं की उपलब्धता की सीधी जानकारी ली.

श्रद्धालुओं के लिए मिलेंगी हाईटेक और मोटरसाइकिल एंबुलेंस

सदर अस्पताल की व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है. इसके लिए बहुत जल्द स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की जाएगी. उन्होंने घोषणा की कि मेले के दौरान देवघर में दूसरे जिलों से अतिरिक्त डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, आधुनिक एंबुलेंस और संकरी गलियों के लिए विशेष मोटरसाइकिल एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेले के दौरान निजी अस्पतालों को भी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया जा रहा है. राज्य स्तर पर स्वास्थ्य सुधारों की चर्चा करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि झारखंड सरकार जल्द ही निजी अस्पतालों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए एक एसओपी (SOP) लागू करने जा रही है, जिसके तहत आईसीयू और एनआईसीयू जैसी जीवन रक्षक सेवाओं की दरें (Charges) फिक्स की जाएंगी. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा का दोबारा टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द ही जनता को हाईटेक एंबुलेंस की सेवा मिलने लगेगी.

ये भी पढ़ें: चेन्नई में मजदूर की संदिग्ध मौत, शव गांव पहुंचते ही पसरा मातम

एम्स देवघर की कार्य प्रणाली पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने देवघर एम्स (AIIMS) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित और बड़े संस्थान से लगातार मरीजों को सदर अस्पताल रेफर किया जा रहा है, जबकि उन मरीजों का इलाज सदर अस्पताल के डॉक्टर आसानी से कर दे रहे हैं. उन्होंने एम्स प्रबंधन को नसीहत देते हुए कहा कि चिकित्सा संस्थानों को राजनीतिक गतिविधियों का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए. अस्पताल का मूल काम मरीजों की सेवा और इलाज करना है, राजनीति करना नहीं.

रांची में एम्स और मेडिकल कॉलेजों के लिए केंद्र से मिले 1600 करोड़

स्वास्थ्य मंत्री ने भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि रांची में एक नए एम्स की स्थापना को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिला है. इसके लिए उन्होंने झारखंड के सभी सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र के समक्ष मजबूती से बात रखने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे और केंद्र सरकार ने झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने के लिए 1600 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है. इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान डीआरसीएचओ डॉ. केके सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संचयन, सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.

ये भी पढ़ें: हैवान बना पिता: 15 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या, बचाने आए बुजुर्ग की भी जान ली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >