Seraikela Kharsawan News : संस्कृति हमारी पहचान, इसे बचायें : जोबा

राजनगर. आदिम सेवा क्लब सोलगाड़िया का 55वां वार्षिक उत्सव आयोजित, मांदर की थाप पर थिरके लोग

राजनगर. राजनगर स्थित आदिम सेवा क्लब, सोलगाड़िया में आयोजित 55वें वार्षिक उत्सव पर खेलकूद व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया. सांसद जोबा माझी ने कहा कि आदिवासी संस्कृति आज की नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों की धरोहर है. इस संस्कृति में आज भी एक-दूसरे का हाथ थामकर नाच-गान करने की परंपरा है, जो आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देती है. कहा कि संस्कृति हमारी पहचान है और इस पहचान को बचाकर रखना हम सभी का कर्तव्य है. हमारी संस्कृति ही हमें एकजुट रखती है. कहा कि संस्कृति और खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा भी समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है. समाजसेवी कालीपद सोरेन ने कहा कि आदिवासी संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है. आज के दौर में जरूरी है कि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़े और इसे आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं. इस अवसर पर नाहा गाड़ी नाच का भव्य प्रदर्शन जुमाल के अलावा ओडिशा के पीठाकुटनी व सादोम गांव से आए नृत्य मंडलियों द्वारा किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा. कार्यक्रम के दौरान झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष भक्तू मार्डी, शेखर महाकुड़ समेत अन्य अतिथियों का नगाड़ा और धमसा की थाप पर फूलों की वर्षा के साथ मंच पर स्वागत किया गया. आदिम सेवा क्लब सोलगाड़िया के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया. मौके पर रामजीत उर्फ लालू हांसदा, सीताराम हांसदा, संजय हांसदा, रोही मुर्मू, श्याम टुडू, रवि माझी, बाया टुडू, लांगो माझी समेत अन्य उपस्थित थे.

खूंटपानी के संत जेवियर स्कूल में छात्रों ने खेलकूद में दिखायी प्रतिभा

खरसावां. खूंटपानी प्रखंड के बासाहातु स्थित संत जेवियर मध्य विद्यालय में एनुअल स्पोट् र्स मीट का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन फादर पेनक्रास एंथिनी एसजे, भोया पंचायत के मुखिया दोनों बानसिंह और पान्ड्राशाली ओपी प्रभारी मेघनाथ मंडल ने खेल मशाल जलाकर किया. उद्घाटन के बाद मार्च पास्ट की सलामी भी दी गयी. खेलकूद प्रतियोगिताओं में 800 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, रस्सी दौड़, एक पैर दौड़, सुई-धागा रेस, स्लो साइकिल, मिक्स रिले और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए खेलकूद जरूरी है. खेल से स्वास्थ्य लाभ मिलता है और विद्यार्थियों को अपने प्रदर्शन से विद्यालय और राज्य का नाम रोशन करना चाहिए. कार्यक्रम के समापन अवसर पर सिस्टर अर्चना ने सभी अतिथियों व शिक्षकों का स्वागत किया.

घोड़ानेगी को हराकर बड़ाबांबो ने खिताब पर कब्जा जमाया

खरसावां. खरसावां प्रखंड की जोरडीहा पंचायत अंतर्गत बड़ाबाम्बो गांव के गोठाड़पोदा मैदान में ग्रामीण चैलेंजर कप-2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में घोड़ानेगी को हरा कर बड़ाबम्बो ने खिताब पर कब्जा किया. विधायक प्रतिनिधि नायडू गोप व शिक्षक मनोज गागराई ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. विजेता टीमों को प्रथम पुरस्कार 30 हजार व द्वितीय पुरस्कार 25 हजार एवं तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपये नकद राशि देकर साथ ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया. मौके पर संतोष नायक, पद्मलोचन महतो, निकेश सिंहदेव, दशरथ महतो, शुभम सिंहदेव,सुमन नायक मौजूद थे.

मरांग हेंदे क्लब को हरा अरब स्पोर्टिंग बना विजेता, पुरस्कृत

खरसावां. कुचाई के बांडी में कांडाबुरू कुलाचाकी की ओर से दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का फाइनल मैच मरांग हेंदे क्लब की टीम को हराकर अरब स्पोर्टिंग विजेता बना. पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक दशरथ गागराई ने विजेता टीम अरब स्पोर्टिंग को 35 हजार व उपविजेता मरांग हेंदे क्लब की टीम को 22 हजार रुपये की नकदी राशि देकर पुरस्कृत किया. विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से गांव के प्रतिभाएं प्रोत्साहित होती हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. उन्हें मंच देकर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है. वर्तमान में खेल शारीरिक व मानसिक दृष्टिकोण से बहुत ही जरूरी है. मौके पर बासंती गागराई, दुखु मुंडा, शेर सिंह सोय, सोमनाथ हाजम, दिनेश सिजुई, धमेंद्र सिंह मुंडा, रामनाथ मुंडा आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >