सरायकेला के जिला परिषद अध्यक्ष ने दिया भरोसा, शहर में बुनियादी ढांचा होगा मजबूत

Saraikela News: सरायकेला नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुमित चौधरी ने संकल्प पत्र जारी किया. इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने सड़क, नाली, बिजली, पक्का घाट निर्माण और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र घर पहुंचाने की योजना की जानकारी दी. बीपीएल परिवारों को कन्या विवाह सहायता देने का भी वादा किया गया. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

Saraikela News: झारखंड के सरायकेला नगर पंचायत चुनाव के दौरान जिला परिषद के अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने जिले के शहरी इलाकों में बिजली, पानी, सड़क आदि समेत बुनियादी ढांचा को मजबूत करने का भरोसा दिया है. इसी सिलसिले में उन्होंने सरायकेला नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुमित चौधरी के संकल्प पत्र का विमोचन भी किया.

संकल्प पत्र का विमोचन

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुमित चौधरी के चुनावी कार्यालय में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, नगर पंचायत चुनाव संयोजक राजा सिंहदेव, भाजपा नगर अध्यक्ष विजय कुमार दत्ता तथा पूर्व अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक उपस्थित रहीं. कार्यक्रम के दौरान नगर क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया गया.

बुनियादी सुविधाएं होंगी सुव्यवस्थित: सोनाराम बोदरा

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने संकल्प पत्र की जानकारी देते हुए कहा कि यह केवल औपचारिक घोषणा नहीं, बल्कि विकास का स्पष्ट खाका है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, नाली और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को व्यवस्थित किया जाएगा. हर वार्ड में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएंगे ताकि लोगों को बुनियादी समस्याओं से मुक्ति मिल सके. बोदरा ने कहा कि नगर क्षेत्र में कई जगहों पर सड़कों की स्थिति जर्जर है और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. संकल्प पत्र में इन समस्याओं के स्थायी समाधान का वादा किया गया है. बिजली आपूर्ति को भी बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर काम किया जाएगा.

माजना घाट में बनेगा पक्का घाट

संकल्प पत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है. बोदरा ने बताया कि सरायकेला के माजना घाट में पक्का घाट नहीं होने के कारण चैत्र पर्व और छउ महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती है. घट उठाने के समय अव्यवस्था और सुरक्षा की समस्या उत्पन्न होती है. इसे ध्यान में रखते हुए माजना घाट में पक्का घाट का निर्माण कराया जाएगा. इसके अलावा कार्तिक पूर्णिमा और छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुदरसाई और जगरनाथ घाट में भी पक्का घाट निर्माण की योजना शामिल की गई है.

जनसंवाद से होगा समस्याओं का समाधान

जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि नगर क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सीधा जनसंवाद स्थापित किया जाएगा. लोगों की शिकायतों को सुनने और त्वरित समाधान के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी. प्रत्येक वार्ड में स्थानीय जरूरतों के अनुसार प्राथमिकता तय कर कार्य कराया जाएगा, ताकि विकास संतुलित और समावेशी हो.

घर तक पहुंचेगा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र: सुमित चौधरी

उम्मीदवार सुमित चौधरी ने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है तो नगर क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं को सरल बनाया जाएगा. उन्होंने घोषणा की कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए लोगों को कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि प्रमाणपत्रों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी. यह पहल विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सहायक साबित होगी.

बीपीएल परिवारों के लिए कन्या विवाह सहायता

सुमित चौधरी ने यह भी कहा कि नगर क्षेत्र के बीपीएल परिवारों को कन्या विवाह के लिए 50 प्रतिशत अंशदान पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा. उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक अवसरों पर सहायता देना स्थानीय निकाय की जिम्मेदारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत को जनहित की योजनाओं का केंद्र बनाया जाएगा और हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा.

यह घोषणा नहीं, संकल्प पत्र है: रमाकांत महतो

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि यह केवल घोषणा पत्र नहीं, बल्कि संकल्प पत्र है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस प्रकार राज्य और केंद्र में अपने संकल्पों को पूरा करती है, उसी प्रकार नगर क्षेत्र में भी वादों को धरातल पर उतारा जाएगा. उन्होंने कहा कि सुमित चौधरी को समर्थित उम्मीदवार के रूप में उतारा गया है और पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है. संकल्प पत्र में शामिल हर बिंदु को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: गुमला में दिव्यांग बच्ची के दुष्कर्मी तांत्रिक को फांसी, हजारीबाग का है निवासी

समग्र विकास पर जोर

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं ने नगर क्षेत्र के समग्र विकास का भरोसा दोहराया. उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, बिजली, धार्मिक स्थल, प्रशासनिक सुविधा और सामाजिक योजनाओं को मिलाकर एक व्यापक विकास मॉडल लागू किया जाएगा. संकल्प पत्र के विमोचन के साथ ही चुनावी माहौल तेज हो गया है. अब नगर क्षेत्र की जनता की नजर इस बात पर है कि किए गए वादे कितनी गंभीरता से निभाए जाते हैं.

इसे भी पढ़ें: बच्चा चोर के संदेह में हिंसक न बनें, पिपरवार में पिटाई के बाद रिम्स में विक्षिप्त की हो गई मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >