सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Mahashivratri: झारखंड के सरायकेला के सीनी में महा शिवरात्रि का त्योहार श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हो गया. रविवार को देर रात भगवान शिव की बारात निकाल कर शिव विवाह के रश्म को पूरा किया गया. पूरे दिन पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा. देर रात भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई, जिसने पूरे इलाके को भक्तिमय माहौल में रंग दिया. मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था. इस मौके पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद रहे.
शिव बारात और विवाह की रस्में
रविवार देर रात शिव बारात निकाली गई, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती और शिवगणों की झांकियां आकर्षक रूप से सजाई गई थीं. श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए. शिव विवाह की रस्में पूरे विधि-विधान से संपन्न हुईं. हर हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा. बड़ी संख्या में भक्तों ने पूरी रात दीप जलाकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया.
अर्जुन मुंडा की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह
शिव विवाह उत्सव में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी शामिल हुए. उनके पहुंचने से श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया. उन्होंने मंच से उपस्थित लोगों को महा शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और धार्मिक एकता व सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत रखने का संदेश दिया. मंच से ‘हरे सखी मंगल गाओ रे…’ गीत गाकर उन्होंने समां बांध दिया.
इसे भी पढ़ें: रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच चलेगी शटल ट्रेन, भेजा गया प्रस्ताव
राजपरिवार और सैकड़ों श्रद्धालु रहे शामिल
इस अवसर पर राजपरिवार के मनोज कुमार सिंहदेव समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे. पूरे आयोजन में स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी दिखी. मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे. भक्तों ने शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. सीनी का यह शिव विवाह उत्सव क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया.
इसे भी पढ़ें: महाशिवरात्रि पर झारखंड के इस मंदिर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़, कई राज्यों से आते हैं लोग
