seraikela kharsawan news: दिव्यांगों के जीवन को नयी दिशा देगा मंच

मारवाड़ी युवा मंच का निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर 23 से

सरायकेला. सरायकेला के अग्रसेन भवन (मारवाड़ी धर्मशाला) में 23 से 25 मई तक मारवाड़ी युवा मंच व श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया है. शिविर में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग का प्रत्यारोपण किया जाएगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर मायुमं की ओर से रविवार को सरायकेला के रानी सती दादी मंदिर सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. शाखा सचिव आशुतोष चौधरी ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच अपने सामाजिक दायित्व के तहत रांची की संस्था श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से शिविर लगाकर दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध करायेगा. शिविर में सुनने की मशीन, बैसाखी और ट्राइसाइकिल दी जायेगी.

पहले दिन कृत्रिम अंग के लिए मापी ली जायेगी

आशुतोष चौधरी ने बताया कि शिविर का लाभ लेने वाले लाभार्थियों को 20 मई तक अपना पंजीयन कराना होगा. पंजीयन निःशुल्क होगा. इसके बाद ही शिविर में लाभार्थियों के लिए कृत्रिम अंग की व्यवस्था करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय शिविर के दौरान प्रथम दिन पंजीकृत दिव्यांग को दिये जाने वाले कृत्रिम अंग के लिए मापी ली जायेगी. उसके बाद उस मापी का कृत्रिम अंग तैयार किया जायेगा. शिविर के दूसरे व तीसरे दिन अंग का प्रत्यारोपण कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि शिविर में दूर-दराज से आने वाले दिव्यांगजनों के लिए मायुमं की तरफ से रहने और खाने की व्यवस्था करायी जायेगी.

दिव्यांग खुद को न समझे असमर्थ : आकाश अग्रवाल

कृत्रिम अंग के प्रांतीय संयोजक आकाश अग्रवाल ने कहा कि अंगविहीन मनुष्य असमर्थ बनकर रह जाते हैं. मारवाड़ी युवा मंच कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को सामर्थवान बनाने का प्रयास कर रहा है. ताकि कोई भी इंसान अंग के अभाव में खुद को लाचार न समझे. उन्होंने दिव्यांगजनों से शिविर में आकर इसका लाभ लेने की अपील की. मौके पर मायुमं के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अभिषेक सकसेरिया, कार्यक्रम संयोजक केशव चौधरी, पूर्व अध्यक्ष नीतीश चौधरी, संयोजक केशव लोहरीवाल, शुभम अग्रवाल व शिवम चौधरी सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By DEVENDRA KUMAR

DEVENDRA KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >