सरायकेला : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को एनआइसी हॉल में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. इसमें भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम, प्रारूप मतदाता सूची, दावा-आपत्ति व सत्यापन प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. बैठक में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन पांच अगस्त को किया जा चुका है. मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दाखिल करने की अवधि पांच अगस्त से चार सितंबर तक निर्धारित है.
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन सात अक्तूबर को
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन सात अक्टूबर को किया जाएगा. डीसी ने बताया - 30 जून से 29 जुलाई तक चले गणना चरण में जिले के कुल 8,92,189 मतदाताओं में से 7,66,713 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किया, जिसे डिजिटाइज किया गया है,वहीं 1,24,576 गणना प्रपत्रों का एकीकरण नहीं हो सका. इनमें डुप्लीकेट के 9,088, मृत के 26,242, स्थानांतरित के 39,431, अनुपस्थित के 45,417 तथा विदेशी एवं अन्य श्रेणी के 4,398 मामले शामिल हैं.
जिला में 2,34,432 नोटिस मामले हैं दर्ज
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,34,432 नोटिस मामले दर्ज किये गये हैं. इनमें ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 62,129, सरायकेला में 1,12,156 व खरसावां में 60,147 मामले शामिल हैं. बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची एवं एएसडीडीएफ सूची का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं के नाम छूटने अथवा किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति दाखिल करने को कहा गया, इसके लिए प्रपत्र-6, 6ए, 7 एवं 8 के उपयोग की जानकारी भी दी गयी.
बीएलए टू की सक्रिय भागीदारी जरूरी
डीसी नितिश कुमार सिंह ने कहा - एसाईआर 2026 के सफल क्रियान्वयन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में बूथ लेवल एजेंट की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए 2 को अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनाने की अपील की. उन्होंने कहा - कोई भी योग्य मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अयोग्य नाम शामिल न हो, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
15 अगस्त को विशेष कार्यक्रम का आयोजन
डीसी ने बताया - 15 अगस्त को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक ग्राम पंचायत भवनों एवं शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम, 22-23 अगस्त को द्वितीय विशेष कैंप व 25 अगस्त से चार सितंबर तक होम टू रॉल वेरिफिकेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. बैठक में एडीसी जयवर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
