चौका : चौका मोड़ से रांची की ओर जाने वाली सर्विस रोड को निर्माण कार्य के लिए बंद रखने का खामियाजा मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों को भुगतना पड़ा. सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सर्विस रोड पर जलजमाव हो गया. पानी दुकानों के आसपास जमा होने के साथ बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम घर तक पहुंच गया. जलजमाव के कारण दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई दुकानदार अपने स्तर से जमा पानी निकालने में जुटे रहे.
सर्विस रोड पर आरसीसी ढलाई का चल रहा काम
बताया जाता है कि चौका मोड़ से रांची की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर आरसीसी ढलाई का काम चल रहा है. निर्माण कार्य के चलते सड़क को बंद रखा गया है. मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन और दुकानदारों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुईं. दुकानदारों को अपनी दुकानों में पानी घुसने की आशंका के बीच खुद पानी निकालने की व्यवस्था करनी पड़ी.
धीमी गति से निर्माण कार्य पर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्विस रोड का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है. सड़क बंद रहने और बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. दुकानदारों का कहना है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होने से आवागमन सुचारु होगा और जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से सर्विस रोड का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है, ताकि दुकानदारों और राहगीरों को हो रही परेशानी दूर हो सके.
