सरायकेला-खरसावां के हेंसल के सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा घायल

Road Accident: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में हाता-चाईबासा मार्ग (एनएच-220) पर हेंसल के पास भीषण सड़क हादसे में 58 वर्षीय आनंद महतो की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा मोहित घायल हो गया. पिता अपने बेटे को टाटानगर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे. हाईवा से टक्कर के बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

राजनगर से सुरेंद्र मार्डी की रिपोर्ट

Road Accident: झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को हाता–चाईबासा रोड (एनएच-220) पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. यह दुर्घटना हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर हेंसल स्थित छोटानागपुर कॉलेज के समीप रितिका ढाबा के पास हुई. हादसे में 58 वर्षीय आनंद महतो की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र मोहित घायल हो गए. घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है.

स्टेशन छोड़ने जा रहे थे पिता-पुत्र

पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, राजनगर प्रखंड के बोनकाटी टोला जोरटाड़ निवासी आनंद महतो अपने पुत्र मोहित को टाटानगर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे. वे स्कूटी (टीवीएस जुपिटर, जेएच 06 वी 3784) से घर से निकले थे. मोहित तमिलनाडु के ऊटी में कार्यरत हैं और ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जा रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा से उनकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मोहित भी चोटिल हो गए.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आनंद महतो को मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद मोहित सदमे में बेहोश हो गए थे. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण स्कूटी की कम रोशनी या संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

सामाजिक कार्यों से जुड़े थे आनंद महतो

आनंद महतो सामाजिक कार्यों से लंबे समय से जुड़े हुए थे. वे पूर्व में राजनगर के बाघरायसाई स्थित सहयोगी महिला संस्था में कार्यरत रहे थे. वर्तमान में वे एक गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) से जुड़े थे और प्रतिदिन अपने घर से मझगांव प्रखंड तक आवागमन करते थे. उनके मिलनसार और समाजसेवी स्वभाव के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी.

मंगनी के दूसरे दिन हुआ हादसा

बताया जाता है कि मोहित महतो हाल ही में तमिलनाडु के ऊटी से घर आए थे. बीते रविवार को ही उनकी शादी की मंगनी संपन्न हुई थी. पारिवारिक कार्यक्रम के बाद सोमवार सुबह वे दोबारा ऊटी लौटने के लिए स्टेशन जा रहे थे, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया. खुशियों के माहौल के बीच यह घटना परिवार पर वज्रपात बनकर टूटी.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में आज 43,33,574 वोटर करेंगे मताधिकार का प्रयोग, बैलेट पेपर से होगा मतदान

परिवार और गांव में शोक की लहर

आनंद महतो अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. उनकी पत्नी गांव के ही एक विद्यालय में सहायक शिक्षिका हैं, जबकि पुत्री की शादी हो चुकी है. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में नगर निगम चुनाव के दौरान प्रत्याशी समर्थकों में झड़प, बूथ पर मची अफरा-तफरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >