राजनगर से सुरेंद्र मार्डी की रिपोर्ट
Saraikela News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. राजनगर थाना क्षेत्र के हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर सिजुलता गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत इलाज के लिए नजदीकी निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
घायल को निजी नर्सिंग होम में कराया गया भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में पोटका प्रखंड के छोटा आमदा गांव निवासी 60 वर्षीय निखिल ज्योतिषी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए हेंसल स्थित प्रिया नर्सिंग होम पहुंचाया. डॉक्टरों के अनुसार घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण उनकी जान बच गई.
मृतक की पहचान आधार कार्ड से हुई
वहीं, इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान उसके पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के हैंडलजुड़ी पंचायत अंतर्गत कलाझोर गांव के भुतियाकोचा टोला निवासी 26 वर्षीय सकेन हांसदा के रूप में हुई है.
तेज रफ्तार के कारण हुई आमने-सामने टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिजुलता गांव के पास दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं. इसी दौरान दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के दौरान सकेन हांसदा सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई. अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में तसर बनेगा रोजगार का बड़ा आधार, चाईबासा में कार्यशाला का आयोजन
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस दुर्घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद राजनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी जब्त कर लिया है. इस हादसे के बाद कुछ समय तक मुख्य सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात सामान्य कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें: आखिरकार मिल ही गया चतरा का लापता छात्र निखिल कुमार, परिजनों ने ली राहत की सांस
