सरायकेला : बोकारो के चंदनकियारी में आयोजित तीसरे झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सरायकेला-खरसावां जिले के होनहार एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक जीतकर जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है. जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और जिले वासियों में खुशी की लहर है. इस संबंध में जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि बोकारो के चंदनकियारी में झारखंड राज्य स्तरीय तृतीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था.
राज्य भर के सैकड़ों जूनियर एथलीटों ने लिया था भाग
इस प्रतियोगिता में राज्य भर के सैकड़ों जूनियर एथलीटों ने भाग लिया था. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सरायकेला-खरसावां के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया. उन्होंने बताया - अंडर-20 बालिका वर्ग में जिले की स्टार एथलीट और टीम की कप्तान राधा कुमारी ने 100 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया. कहा कि राधा कुमारी पहले भी ईस्ट जोन में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. वहीं, अंडर-20 बालक वर्ग में अश्मित कुमार ने हैमर थ्रो इवेंट में शानदार थ्रो फेंकते हुए रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया.
कोच ने की खिलाड़यों की सराहना
दो पदक जीतने के बाद टीम के कोच करमु मंडल और मैनेजर प्रियंका पात्र ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की. सचिव सिकंदर महतो ने बताया - यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है. उन्होंने कहा - जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और सुविधाएं प्रदान करने की.
पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
खिलाड़ियों के इस उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष गणेश चन्द्र महतो, कोषाध्यक्ष विष्णु नारायण सिंह, संयुक्त सचिव लखन महतो सहित सभी पदाधिकारियों ने दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है. सिकंदर महतो ने बताया कि जिले के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त एवं जिला खेल पदाधिकारी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. एसोसिएशन ने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले समय में जिले के और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन करेंगे.
