खरसावां. लगातार हो रही बारिश से संजय नदी का जलस्तर बढ़ने से खापरसाईं स्थित पुराना पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है. पुल के ऊपर करीब छह फीट पानी बह रहा है. पानी का बहाव तेज होने से सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित रहा. इस महत्वपूर्ण मार्ग के बंद होने से खरसावां और सरायकेला के बीच आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है. लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं.
छह फीट ऊपर, बढ़ा खतरा
संजय नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के बाद खापरसाईं पुल की स्थिति भी गंभीर हो गयी है. पुल पूरी तरह जलमग्न होने से पानी पुल की सतह से करीब छह फीट ऊपर है. बारिश जारी रहने से नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है. ऐसे में आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी है.
नया पुल अधूरा, नहीं मिला वैकल्पिक रास्ता
खापरसाईं में संजय नदी पर नया पुल निर्माणाधीन है, लेकिन इसका काम अब तक पूरा नहीं हुआ है. पुल का अप्रोच रोड तैयार नहीं होने से नये पुल से आवागमन शुरू नहीं हो सका है. पुराने पुल के डूबने के बाद लोगों को नये पुल का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि नये पुल का निर्माण और अप्रोच रोड समय पर पूरा हो जाता, तो वर्तमान में मुख्य मार्ग के बंद होने से लोगों को परेशानी नहीं होती.
कई गांवों के लोगों की बढ़ी परेशानी
सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित होने का असर आसपास के कई गांवों के लोगों पर भी पड़ रहा है. रोजमर्रा के काम, बाजार, कार्यालय, स्कूल और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है. इससे दूरी और समय दोनों बढ़ गये हैं. भारी बारिश के बीच वैकल्पिक मार्गों पर भी लोगों को परेशानी हो रही है.
अन्य नदियों का भी बढ़ा जलस्तर
साथ ही, लगातार हो बारिश से क्षेत्र की खरकई और सोना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. संजय नदी का जलस्तर बढ़ने से खापरसाईं पुल के डूबने की स्थिति ने प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों ने नदी के जलस्तर और पुल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की मांग की है.
