खरसावां. सरायकेला खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के बंदोलोहर पंचायत अंतर्गत बाईडीह गांव में बाहुड़ा रथ यात्रा के अवसर पर मॉर्निंग स्टार क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हो गया. प्रतियोगिता में कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया. दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में मौजूद रहे. प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने खरसावां गोलीकांड के शहीद डोलो मानकी सोय के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की.
समापन अवसर पर खेले गए फाइनल मुकाबले में संजय ब्रदर्स और हितेश ब्रदर्स के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. बेहतर तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संजय ब्रदर्स की टीम ने खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को ₹60 हजार, उपविजेता हितेश ब्रदर्स को ₹40 हजार तथा तीसरे स्थान पर रही निकिता एफसी की टीम को ₹20 हजार की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया.
इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करता है. ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया. कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दास सोय, बुधन लाल सोय, बबलू सोय, मनोज सोय, सुदामा हाईबुरू, राकेश पांडेय, विष्कंठ प्रधान, राजेन कर्मा, चेकेन उगुरसांडी, अमर सिंह बोदरा समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
