शचींद्र कुमार दाश
Saraikela: नगर निकाय चुनाव 2026 के मतदान कार्य के लिए प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को रविवार को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला स्थित डिस्पैच सेंटर से उनके बूथों के लिए रवाना कर दिया गया. मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और एसपी मुकेश लुनायत ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों द्वारा मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं परिवहन प्रबंधन की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में कुल (रिजर्व सहित) 16 मतदान दलों को रवाना किया गया. कपाली नगर परिषद क्षेत्र के लिए कुल (रिजर्व सहित) 39 मतदान दलों को और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए कुल (रिजर्व सहित) 170 मतदान दलों को संबंधित क्लस्टरों के लिए रवाना किया गया.
सरायकेला नगर पंचायत में 13 मतदान केंद्र
सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत कुल 13 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद अंतर्गत कुल 31 मतदान केंद्र और आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत कुल 136 मतदान केंद्रों के लिए मतदान कर्मियों को उनके आवंटित क्लस्टर में भेजा गया. जिन मतदान केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अतिरिक्त रिजर्व मतदान कर्मियों को संबंधित प्रखंडों में भेजा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिस्थापन किया जा सके.
इन केंद्रों पर रहेंगी महिला मतदानकर्मी
सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 03 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कुल 31 मतदान केंद्र और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत 05 मतदान केंद्रों को पर्दानशीन बूथ के रूप में चिह्नित करते हुए प्रत्येक बूथ पर एक-एक महिला कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है. निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान कर्मियों से बात कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें और विधि-व्यवस्था संधारण में सतर्कता एवं उत्तरदायित्व का परिचय दें.
सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग
मतदान दिनांक 23 फरवरी 2026 को प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक संपन्न होगा. मतदान उपरांत सभी मतपेटियों को विधिवत सीलबंद कर सुरक्षित रूप से वज्रगृह में रखा जाएगा. मतगणना दिनांक 27 फरवरी 2026 को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में संपन्न की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त और एसपी ने संयुक्त रूप से सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है. इस दौरान उपायुक्त ने कहा की प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं.
ये भी पढ़ें…
बैलेट बॉक्स लेकर बूथों पर रवाना हुए पोलिंग एजेंट, वोटरों से बिना किसी भय के वोट देने की अपील
Deoghar: कुमैठा डिस्पैच सेंटर से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां, सोमवार को मतदान
