बार-बार मोटर जलने से ठप होती थी जलापूर्ति, जानें बैठक में क्या हुआ फैसला

सरायकेला नगर पंचायत ने पेयजल संकट दूर करने के लिए नई पहल की है. बार-बार मोटर जलने की समस्या के समाधान के लिए हाईटेक पैनल और जेनरेटर लगाने का निर्देश दिया गया है.

सरायकेला : नगर पंचायत क्षेत्र की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल शुरू हो गई है. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने अपने कार्यालय में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की संयुक्त समीक्षा बैठक की. इसमें डब्लूटीपी में बार-बार मोटर जलने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने, प्रभावित क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने, डब्लूटीपी एवं ईएसआर के रखरखाव व वैकल्पिक बिजली व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई.

बार-बार मोटर जलने पर जताई नाराजगी

अध्यक्ष चौधरी ने बार-बार मोटर जलने पर नाराजगी जताते हुए इसके मूल तकनीकी कारणों की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. अभियंताओं के तकनीकी सुझाव के आधार पर डब्लूटीपी में दो 90 एचपी क्षमता की मोटर और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से युक्त हाईटेक इलेक्ट्रिकल पैनल लगाने का सुझाव दिया गया. वहीं, बिजली कटौती के दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए डीएमएफटी फंड से 320 केवीए जेनरेटर लगाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया.

राइजिंग पाइप से होगी पानी की आपूर्ति

अध्यक्ष ने बताया - लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे क्षेत्रों में राइजिंग पाइप के माध्यम से जलापूर्ति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. उन्होंने डब्लूटीपी और ईएसआर की नियमित मॉनिटरिंग, मरम्मत एवं रखरखाव व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया. कहा कि वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का पैचवर्क नहीं, बल्कि स्थायी समाधान उनका लक्ष्य है. बिजली और पानी जनता की मूलभूत जरूरतें हैं. दोनों विभागों के अभियंताओं को आपसी समन्वय से काम कर तकनीकी खामियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ललित जी, कनीय अभियंता प्रकाश गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >