खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी अंतर्गत दलाइकेला पंचायत में बनाइकेला चौक के समीप शुक्रवार शाम सड़क हादसे में पीडीएस डीलर की मौत हो गयी. पीडीएस अनाज लदे ट्रक के धक्के से बाइक सवार पीडीएस डीलर करम सिंह बोदरा (66) की मौत हो गयी. मृतक दलाइकेला के सत्तीकुदर टोला के रहने वाले थे.
हादसे में दो पोतों को हल्की चोट आयी
जानकारी के अनुसार, करम सिंह बोदरा अपने दो पोता 10 वर्षीय बिरेन सिंह बोदरा और 8 वर्षीय निखिल बोदरा के साथ बाइक पर खरसावां से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी. वहीं, ट्रक सड़क किनारे खेत में जा पलटा. इस दुर्घटना में दोनों पोतों को हल्की चोट आयी है. उनका इलाज खरसावां के निजी अस्पताल में चल रहा है. सूचना पर अस्पताल परिसर में ग्रामीण और परिजन जुट गये. खरसावां अंचल अधिकारी सह एमओ कप्तान सिंकु अस्पताल पहुंचे. आमदा ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ट्रक के खेत में पलटने से चावल भीगा
हादसे के बाद ट्रक के सड़क किनारे खेत में पलटने से उसमें लदा पीडीएस का चावल पानी से भरे खेत में गिर गया. इससे बड़ी मात्रा में चावल भीगकर बर्बाद हो गया.
