Seraikela Kharsawan News : भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका से बौखलायी कांग्रेस : मुंडा

अर्जुन मुंडा का कांग्रेस पर बोला हमला

सरायकेला. नयी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआइ समिट को लेकर विपक्ष की ओर से की जा रही आलोचना पर पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. सरायकेला में ‘प्रभात खबर’ से बातचीत करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि जब पूरी दुनिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है, तब भारत भी नयी ऊंचाइयों को छूते हुए वैश्विक मंच पर अपनी ताकत और नेतृत्व का परचम लहरा रहा है. उन्होंने कहा कि तकनीक के इस युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की दिशा तय कर रहा है और भारत इस क्षेत्र में वर्ल्ड लीडर बनने की ओर तेज़ी से अग्रसर है.

विश्वस्तर का महत्वपूर्ण आयोजन:

मुंडा ने कहा कि भारत मंडपम में आयोजित हो रहा एआइ इम्पैक्ट समिट विश्वस्तर का महत्वपूर्ण आयोजन है, जहां कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और वैश्विक नेता भाग लेने पहुंचे हैं. यह भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, क्षमता और तकनीकी नेतृत्व का प्रमाण है.

कांग्रेस ने चुनी अराजकता की राह:

उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआइ समिट की मेजबानी कर दुनिया के सामने तकनीकी नेतृत्व दिखा रहा था, तब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने गरिमा छोड़कर अराजकता को चुना. ऐसे गौरवपूर्ण अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का व्यवहार उनकी विक्षिप्त मानसिकता को दर्शाता है. मुंडा ने कहा कि उनकी इस हरकत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल हुई है. राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन देश की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना अक्षम्य है. उन्होंने अंत में कहा कि देशहित सर्वोपरि होना चाहिए और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >