MLA Dashrath Gagarai, खरसावां (शचिंद्र कुमार दाश): झारखंड के खरसावां में विधायक दशरथ गागराई ने रविवार को केरसे मुंडा चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया. लगभग 1.57 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस सौंदर्यीकरण कार्य में रेलिंग, आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था, टाइल्स बिछाने समेत विकास के कई कार्य शामिल हैं.
शहीद पार्क को हर दिन आम लोगों के लिए खोला जाएगा
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से खरसावां शहीद दिवस कार्यक्रम का स्वरूप काफी विस्तृत हुआ है. लगभग 7.20 करोड़ रुपये की लागत से शहीद पार्क में विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है. इसी कड़ी में शहीद पार्क के साथ-साथ केरसे मुंडा चौक को भी भव्य रूप दिया जा रहा है. आने वाले समय में दोनों स्थलों की सुंदरता और बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि भविष्य में और भी योजनाएं ली जायेंगी तथा शहीद पार्क को प्रतिदिन आम लोगों के लिए खोलने की व्यवस्था की जायेगी.
Also Read: झारखंड के सारंडा जंगल में IED विस्फोट, घायल अफसर एयरलिफ्ट
खरसावां गोलीकांड के शहीदों की पहचान को लेकर सरकार गंभीर
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि एक जनवरी 1948 को हुए खरसावां गोलीकांड के शहीदों की पहचान के लिए न्यायिक जांच समिति के गठन को लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि जल्द ही जांच समिति का गठन किया जायेगा. कार्यक्रम में मौजूद सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि शहीद दिवस कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में स्थानीय विधायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, विधायक प्रतिनिधि नायडू गोप, जिप सदस्य कालीचरण बानरा, कोंदो कुंभकार, गुरुचरण बांकिरा, मंगल सिंह हांसदा, सुनीता तापे, भोला महांती, शंभु आचार्य, भवेश मिश्रा, खिरोद महतो, रमेश महतो, साधु चरण सोय, सालेन सोय, खिरोद प्रमाणिक समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
खूंटपानी के थोलको में 2000 फीट पीसीसी सड़क का शिलान्यास
खूंटपानी प्रखंड के बड़ा चिरू पंचायत अंतर्गत थोलको गांव में विधायक दशरथ गागराई ने 2000 फीट लंबी पीसीसी सड़क का नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया. यह सड़क थोलको मुख्य सड़क से बासा थोलको तक बनेगी. मौके पर ग्रामीणों ने विधायक को गांव की अन्य समस्याओं से अवगत कराया. इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर सभी योजनाओं को पूरा किया जायेगा. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, बिजली, पानी, पेंशन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में लगातार बेहतर कार्य किये जा रहे हैं. शिलान्यास कार्यक्रम में दुर्गा चरण पाड़ेया, बबलू गोडसोरा, डिम्बू तियू, राहुल गोप, बिरसा तियू, जयसिंह बोदरा, संतोष बानरा, अर्जुन कैके, कुशनु जामुदा, सिदिऊ मुंडरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
Also Read: रांची डिप्टी मेयर के लिए बिछ गयी बिसात, हर दल के नेता जुटा रहे समीकरण, होली बाद मचेगी असली हलचल
